राजनांदगांव: मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने पहुंची एक महिला दर्शनाथी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे क्षीरपानी परिसर में हनुमान मंदिर के सामने महिला को बेचैनी और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। स्वजन कुछ समझ पाते, इससे पहले वह बेहोश होकर गिर गई। मेडिकल टीम की सहायता से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत हार्ट अटैक से हुई है। क्वांर नवरात्रि के दौरान दर्शनाथी की मौत की यह दूसरी घटना है। नवरात्रि के पहले दिन नागपुर के एक युवक की क्षीरपानी जलाशय में डूबने से मौत हो गई थी।
मृतिका की पहचान मोहला-मानपुर जिले के आमाडुला गांव निवासी 55 वर्षीय प्रेमबाई भंडारी के रूप में हुई है। वह पति रामप्यारे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने डोंगरगढ़ पहुंची थी। जानकारी के अनुसार, ऊपर स्थित मंदिर की सीढ़ियां चढ़ने से पहले ही वह असहज महसूस कर रही थी इसलिए वे आगे नहीं बढ़ी। उन्होंने परिवार को माता के दर्शन करने भेज दिया। स्वजन जब उनके पास नीचे लौटे ही थे कि क्षीरपानी परिसर में महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टी होने के साथ सांस लेने में परेशानी हुई और वह मूर्छित होकर गिर पड़ी। स्वजनों ने तत्काल चिकित्सा सहायता लेने का प्रयास किया। मेडिकल टीम की मदद से महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। डोंगरगढ़ थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर महिला की मौत हार्ट अटैक से होना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।