राजनांदगांव: टेड़ेसरा क्षेत्र स्थित कल्याणी इस्पात संयंत्र में तड़के हुए हादसे में एक श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार श्रमिक सुबह बाथरूम से लौटते समय विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया। घटना के बाद संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि मृतक की पहचान अंबिका रजवार (50) निवासी झारखंड के रूप में हुई है। वह लगभग छह माह पहले कल्याणी इस्पात संयंत्र में काम करने आया था। गुरुवार सुबह वह बाथरूम से वापस लौट रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद श्रमिकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। संयंत्र परिसर में विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। जांच में यदि कंपनी प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।