राजनांदगांव: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरवा में एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। युवक घर से गाय के बछड़े को खोजने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसका शव खेत की मेड़ पर स्थित करंज पेड़ से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोरवा निवासी बिनेश विश्वकर्मा शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे घर से निकला था। स्वजनों के मुताबिक वह गाय के बछड़े को ढूंढने के लिए गांव की ओर गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब पांच बजे स्वजन खेत की ओर पहुंचे, जहां मेड़ पर स्थित करंज पेड़ में युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मामले की सूचना मिलते ही खड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोहला भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। स्वजनों के अनुसार मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी गणेश यादव ने घटना की पुष्टि की है।