राजनांदगांव: आपसी विवाद में रिश्तों की मर्यादा तार-तार करते हुए एक युवक ने अपने ही भाई पर बेसबाल के डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। सिर, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर उसे घायल करने के बाद आरोपी ने चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में चौकी चिखली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गांव के बाहर खेत में छिपे होने के दौरान घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बेस बाल का डंडा और चाकू भी जब्त किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। घटना 30 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे ग्राम बोरी में हुई। प्रार्थी ने चौकी चिखली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गांव की किराना दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान उसका भाई गुलशन ताम्रकार वहां पहुंचा और गांव के एक युवक के साथ हुए विवाद को लेकर नाराजगी जताने लगा। आरोपि ने कहा कि उसके कारण घरवाले उसे ताना मार रहे हैं। इसके बाद अश्लील गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे बेसबाल के डंडे से सिर, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर जानलेवा हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपित ने चाकू लहराकर उसे डराया और जान से मारने की धमकी दी। टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ग्राम बोरी पहुंची और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गांव के बाहरी क्षेत्र में स्थित खेत में दबिश देकर आरोपितको घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित 24 वर्षीय गुलशन कुमार ताम्रकार ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर बेसबाल का डंडा और एक चाकू जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपित के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट के कई अपराध दर्ज हैं।