रामकुमार गुप्ता आरंग : दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की विशाल ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की शानदार सफलता के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से दिल्ली स्थित उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान डॉ. डहरिया ने महारैली की सफलता पर राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई दी तथा आंदोलन की आगामी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने डॉ. शिवकुमार डहरिया को झारखंड राज्य के छह प्रमुख जिलों का केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए डॉ. डहरिया ने संबंधित जिलों में व्यापक जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं से समन्वय और संगठनात्मक लामबंदी के माध्यम से आंदोलन को गति प्रदान की।
वहीं, डॉ. डहरिया के नेतृत्व और सक्रिय प्रयासों से छत्तीसगढ़ से भी हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजन दिल्ली पहुंचे और रामलीला मैदान में आयोजित ऐतिहासिक महारैली में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। महारैली में छत्तीसगढ़ और झारखंड से पहुंचे कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनभागीदारी की केंद्रीय नेतृत्व ने भी सराहना की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के पश्चात डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि लोकतंत्र और देश के संविधान की रक्षा के लिए जारी इस संघर्ष में राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को नई ऊर्जा, दिशा और साहस प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों पर हो रहे कथित कुठाराघात और देश की आवाज को दबाने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
डॉ. डहरिया ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ केवल एक राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प है। इस संदेश को अब देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटेंगे।
रामलीला मैदान की महारैली की सफलता और राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ हुई इस मुलाकात को कांग्रेस संगठन की आगामी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।