राजनांदगांव: शिक्षा का अधिकार के तहत निजी स्कूलों में गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को निश्शुल्क प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया में इस बार बड़ा बदलाव होने जा रहा है। शिक्षा सत्र 2027-28 में आरटीई के तहत प्रवेश के लिए पालकों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पहली बार पूरी प्रवेश प्रक्रिया नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले ही पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने समय-सारिणी जारी कर दी है। खास बात यह है कि इस बार प्रवेश प्रक्रिया केवल एक ही चरण में होगी और सभी उपलब्ध सीटों के लिए एक साथ लाटरी निकाली जाएगी। चयनित बच्चों का दाखिला 10 फरवरी 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा, ताकि वे एक अप्रैल से स्कूल खुलने के पहले दिन से ही पढ़ाई शुरू कर सकें। जिले के निजी स्कूलों में आरटीई के तहत 535 सीटें आरक्षित हैं।
दस्तावेज बनवाने पालकों के सामने चुनौती
आरटीई में प्रवेश के लिए पालकों को अभी से जरूरी दस्तावेज तैयार कराने होंगे। आवेदन के साथ बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता और बच्चे का आधार कार्ड, बीपीएल राशन कार्ड, गरीबी रेखा का प्रमाण पत्र तथा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा बच्चे का वर्तमान फोटो भी अपलोड करना होगा। प्रवेश के लिए बच्चे की उम्र पांच से साढ़े छह वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। पालकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती निर्धारित समय में दस्तावेज जुटाने की है। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने में सामान्य तौर पर 15 से 30 दिन तक लग जाते हैं। ऐसे में आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर को देखते हुए पालकों को पहले से तैयारी करनी होगी। वहीं, पटवारियों की हड़ताल के कारण प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका भी है। यदि समय पर दस्तावेज नहीं बन पाए तो पालकों को आवेदन करने में परेशानी हो सकती है।
2010-11 में शुरू हुई थी प्रवेश प्रक्रिया
आरटीई के तहत निजी स्कूलों में गरीब वर्ग के बच्चों को निश्शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था वर्ष 2010-11 में शुरू हुई थी। इसके अंतर्गत निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। इन सीटों पर चयनित बच्चों को कक्षा पहली से 12वीं तक निशुल्क पढ़ाई का अवसर मिलता है। हालांकि, अब तक हर साल प्रवेश प्रक्रिया नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के बाद तक चलती थी।
इस तारीख तक पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया स्कूल प्रोफाइल अपडेट व नया पंजीयन
25 नवंबर 2026
स्कूलों का सत्यापन व सीटों का प्रकटीकरण
28 नवंबर 2026
आनलाइन आवेदन
एक से 31 दिसंबर 2026
नोडल प्राचार्य द्वारा दस्तावेज सत्यापन
सात जनवरी 2027 तक
आनलाइन लाटरी
11 एवं 12 जनवरी
चयनित बच्चों का दाखिला
14 जनवरी से 10 फरवरी तक