राजनांदगांव : भारतीय जनता पार्टी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत जिले के सात शासकीय महाविद्यालयों में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें विद्यार्थियों के साथ लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक मूल्यों, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था के समक्ष चुनौतियों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान, नागरिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और कानून के शासन पर आधारित व्यवस्था है। इसे मजबूत बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम के जिला संयोजक खूबचंद पारख और युवा संवाद के जिला संयोजक सचिन बघेल ने बताया कि संवाद के दौरान एसआइआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कांग्रेस के विरोध और जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन पर भी वक्ताओं ने अपनी बात रखी। विद्यार्थियों को स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मुद्रा योजना, अग्निवीर योजना, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति की जानकारी दी गई। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत और जनभागीदारी समिति अध्यक्ष अतुल रायजादा शामिल हुए। शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल और रवि सिन्हा, कमला देवी राठी महाविद्यालय में खूबचंद पारख और मणि भास्कर गुप्ता ने विद्यार्थियों से संवाद किया। छुरिया के रानी सूर्यमुखी देवी महाविद्यालय में दिनेश गांधी और राजेश्वर ध्रुव, डोंगरगांव के डा. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय में महापौर मधुसूदन यादव और योगेश पटेल तथा डोंगरगढ़ के जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में मधुसूदन यादव और चीकू जैन शामिल हुए। घुमका के अवंती बाई लोधी महाविद्यालय में प्रदीप गांधी मुख्य अतिथि और भाजपा नेता राजेश श्यामकर उपस्थित रहे।