राजनांदगांव: लोकतंत्र के सम्मान और अराजकता के विरोध का संदेश लेकर भाजपा ने रविवार को राजनांदगांव में शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओअभियान के तहत निकाली गई। पदयात्रा में जिलेभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और जुबां पर नारे लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया। लोकतंत्र का सम्मान, अराजकता का बहिष्कार जैसे नारों से शहर गूंजता रहा। जिलेभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं के एकत्रीकरण के बाद यात्रा मानव मंदिर चौक, सिनेमा लाइन और भारत माता चौक होते हुए गंज चौक पहुंची। यहां पदयात्रा विशाल सभा में परिवर्तित हो गई। सभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की राजनीति, एसआइआर और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष के रुख पर सवाल उठाए।
भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, महापौर मधुसूदन यादव और अभियान के जिला संयोजक खूबचंद पारख ने कहा कि कांग्रेस किसान आंदोलन से लेकर लोकतंत्र और संविधान बचाने के नाम पर देश में भ्रम तथा अस्थिरता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर हिंसा, तोड़फोड़ और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना स्वीकार्य नहीं हो सकता।
देश से माफी मांगनी चाहिए
सभा को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राफेल, हिंडनबर्ग और चुनावी पराजयों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को इस मामले में देश से माफी मांगनी चाहिए। संविधान की प्रति लेकर घूमने वाले कांग्रेस नेताओं से उन्होंने सवाल किया कि संविधान को तार-तार किसने किया। सांसद ने कहा कि पहले ईवीएम पर सवाल उठाए गए और अब एसआइआर को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने भारत की चुनाव व्यवस्था की व्यापकता का उल्लेख करते हुए बताया कि देश में लगभग 140 करोड़ आबादी, 96 करोड़ मतदाता और 12 लाख मतदान केंद्र हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों और जनादेश के सम्मान का संदेश लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। सभा के मुख्य वक्ता शिवरतन शर्मा ने कहा कि एसआइआर की प्रक्रिया देश में पहली बार नहीं हो रही है, बल्कि अब तक नौ बार यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, जिला संगठन प्रभारी जितेंद्र वर्मा, सचिन बघेल, रमेश पटेल, योगेश दत्त मिश्रा, शशिकांत द्विवेदी, पूर्णिमा साहू, राजेंद्र गोलछा, तरुण लहरवानी, सौरभ कोठारी व अन्य उपस्थित रहे।