November 04, 2026


योजनाओं में लापरवाही पर सीएमएचओ नाराज एक माह में पूरा करना होगा लक्ष्य

डोंगरगांव में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा, टीबी की कम जांच और एनसीडी स्क्रीनिंग में पिछड़ने पर जवाबदेही तय करने के निर्देश

राजनांदगांव :राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और विभागीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों पर अब जवाबदेही तय होगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. नेतराम नवरतन ने डोंगरगांव विकासखंड में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कम उपलब्धि वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए एक माह का समय दिया है।

समीक्षा बैठक में गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन, नियमित प्रसव पूर्व जांच और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। टीकाकरण से छूटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए गए। सीएमएचओ ने विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने कहा। प्रत्येक सोमवार को होने वाली सुपरवाइजर बैठक में ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर की उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला और विकासखंड स्तर के स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यक्रम सलाहकार, सेक्टर प्रभारी, सुपरवाइजर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के मुकाबले कम खखार जांच होने पर सीएमएचओ ने संबंधित कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने मरीजों की नियमित निगरानी करने कहा। एनसीडी कार्यक्रम में कम उपलब्धि वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को लक्ष्य के प्रति गंभीरता बरतने कहा गया।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch