राजनांदगांव: बिल बनाने में देरी को लेकर हुए विवाद में ठेकेदार और नगर पंचायत डोंगरगांव के उप अभियंता के बीच मारपीट हो गई। उप अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। नगर पंचायत कार्यालय में पार्षदों और अन्य लोगों की बैठक चल रही थी। इसी दौरान सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बिल और भुगतान को लेकर पेटी ठेकेदार हरि साहू तथा उप अभियंता कृपाराम बर्मन के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद नगर पंचायत कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। उप अभियंता कृपाराम बर्मन ने डोंगरगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने बताया कि हरि साहू नगर पंचायत कार्यालय में घुस आया और शासकीय कार्य के दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।