राजनांदगांव: ग्राम बिरेझर में विद्युत लाइन विस्तार के दौरान 25 वर्षीय युवक की मौत के मामले में सोमनी पुलिस ने मेसर्स भारती इंटरप्राइजेस के इलेक्ट्रिकल ठेकेदार अमित अग्रवाल के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि ठेकेदार ने अप्रशिक्षित कर्मचारी से बिना सुरक्षा उपकरण के जोखिम भरा विद्युत कार्य कराया था।े
पुलिस के अनुसार खुर्सीपार निवासी सुरज कोड़ापे (25) एक मई को बिरेझर स्थित वृंदा इंजीनियरिंग कंपनी के पास नए विद्युत पोल पर चढ़कर जंपर जोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान वह विद्युत की चपेट में आ गया और खंभे से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोमनी लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना सोमनी में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विद्युत आघात से वेंट्रिकुलर फिब्रिलेशन की संभावना जताई गई है। मृत्यु का तरीका अप्राकृतिक दुर्घटना बताया गया है। जांच में मेसर्स भारती इंटरप्राइजेस के इलेक्ट्रिकल ठेकेदार अमित अग्रवाल द्वारा सुरज कोड़ापे से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के विद्युत कार्य कराना पाया गया। पुलिस ने इसे लापरवाही मानते हुए ठेकेदार के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।