November 04, 2026


बाहरी गिरोहों की रेकी से रहें सतर्क पुलिस ने नागरिकों को किया आगाह

किरायेदारों और घरेलू सहायकों का कराएं पुलिस सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने की अपील

राजनांदगांव : धनतेरस और दीपावली के दौरान बाहरी गिरोहों की गतिविधियों और चोरी, उठाईगिरी, लूट जैसी वारदातों की आशंका को देखते हुए राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से मोहल्लों में अनजान व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने और घरों-दुकानों की रेकी करने वालों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार दूसरे राज्यों और जिलों से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं अनजान समूहों की गतिविधियों पर ध्यान दें। कोई व्यक्ति लगातार घरों, दुकानों या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास घूमता दिखाई दे तो सतर्क रहें। किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अस्थायी रूप से रहने वाले व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।

पुलिस ने घरों और दुकानों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी फुटेज सुरक्षित रखने की सलाह दी है। कैमरे चालू हैं या नहीं, इसकी नियमित जांच भी करें। नकदी, कीमती सामान और घर की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी अनजान लोगों से साझा न करें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जानकारी मिलने पर स्वयं पूछताछ या विवाद करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। इंटरनेट मीडिया पर अफवाह और अपुष्ट जानकारी साझा करने से भी बचें। आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सतर्कता और समय पर सूचना अपराध रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch