राजनादंगांव: प्रचंड गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान का असर अब जलजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। अंबागढ़ चौकी नगर के मध्य स्थित वार्ड 14 के मोती तालाब में पिछले एक सप्ताह से बड़ी संख्या में मछलियां मर रही हैं। तालाब में तैरती मरी मछलियों से उठ रही दुर्गंध के कारण आसपास के वार्डवासियों का रहना मुश्किल हो गया है। लोगों ने संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका जताते हुए नगर पंचायत से तत्काल समस्या के समाधान की मांग की है।
सेवानिवृत्त प्राचार्य गौरीशंकर यादव, पूर्व पार्षद साधना सिंह सहित वार्ड के कई रहवासियों ने बताया कि स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोग ठीक से खाना तक नहीं खा पा रहे हैं। रहवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी और सीएमओ विजय पांडेय से तालाब से मरी हुई मछलियों को तत्काल हटाने तथा तालाब में पानी भरने की मांग की है। लोगों का कहना है कि तालाब में लंबे समय से मछली पालन किया जा रहा है और इस वर्ष भी बड़ी मात्रा में मछली बीज डाला गया है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि मछलियां केवल तापमान बढ़ने से मर रही हैं या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है। सीएमओ विजय पांडेय ने बताया कि समस्या के निराकरण के लिए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही नगर पंचायत का सफाई अमला भी लगातार मौके पर लगाया गया है।
निजी तालाब होने से बनी उपेक्षा की स्थिति
नगर के बीच स्थित मोती तालाब निजी तालाब है। आसपास के क्षेत्रों का गंदा पानी नालियों के माध्यम से सीधे तालाब में पहुंचता है। तालाब में निस्तारी नहीं होने और निजी स्वामित्व के कारण नगर पंचायत की सक्रियता भी सीमित रही है। गर्मी के कारण जलस्तर घटने से अब हालात और बिगड़ गए हैं। मोती तालाब में मछलियों के मरने का मुद्दा सुषासन तिहार में भी उठाया गया।
निरीक्षण करने पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
शिकायत मिलने के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने मौके पर पहुंचकर तालाब का निरीक्षण किया और आसपास के रहवासियों से चर्चा की। उन्होंने सीएमओ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद निकाय के सफाई अमले को तालाब में उतारकर मरी मछलियों को निकालने का काम शुरू कराया गया। नगर पंचायत ने मछली पालन करने वाले ठेकेदार को भी नोटिस जारी कर मरी मछलियों को नगर सीमा से बाहर ले जाकर निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर तालाब में आसपास के जल स्रोतों से पानी भरने की तैयारी भी की जा रही है।