August 29, 2026


खरपतवार कटाई से खेत की खुदाई तक आयुषी का माडल पहुंचा राष्ट्रीय मंच पर

राजनांदगांव: शासकीय हाई स्कूल पनेका की छात्रा आयुषी देवांगन ने अपने अभिनव वैज्ञानिक माडल से विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। विज्ञान विषय की व्याख्याता शाहीन खान के मार्गदर्शन में आयुषी द्वारा तैयार खुदाई एवं कटाई मशीन माडल का इंस्पायर अवार्ड के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। कम लागत में तैयार किए गए इस माडल की परिकल्पना कृषि कार्यों को आसान बनाने के उद्देश्य से की गई है। मशीन के माध्यम से खेतों में उगने वाले खरपतवार और अनुपयोगी छोटे पौधों की कटाई के साथ जमीन में आवश्यक गहराई तक खुदाई की जा सकती है। इससे कृषि संबंधी कार्यों को कम समय और कम श्रम में पूरा करने में मदद मिल सकती है। माडल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच को स्थानीय जरूरतों से जोड़ने का उदाहरण है। माडल तैयार करने के दौरान व्याख्याता शाहीन खान ने आयुषी को वैज्ञानिक अवधारणा, कार्यप्रणाली और प्रस्तुतीकरण के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। इससे पूर्व भी उनके मार्गदर्शन में पनेका स्कूल के तीन विज्ञान माडल राज्य स्तर पर चयनित हो चुके हैं। 

विद्यार्थियों में विज्ञान और नवाचार की रुचि विकसित करने के उनके प्रयासों को इससे नई पहचान मिली है। दो और तीन सितंबर को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें वैभवता, विज्ञान व्याख्याता शाहीन खान और छात्रा आयुषी देवांगन अपने माडल के साथ शामिल होंगे। कार्यशाला में विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में म माडल को और प्रभावी एवं तकनीकी रूप से परिष्कृत किया जाएगा। शाहीन खान ने सफलता का श्रेय आयुषी की मेहनत, लगन, विज्ञान के प्रति रुचि, प्राचार्या ए. देवांगन और समस्त स्टाफ के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा से विद्यालय व जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर तक रोशन कर सकते हैं।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch