November 04, 2026


मार्किंग लाइन के भीतर ही लगा सकेंगे पसरा

जयस्तंभ चौक में ही लगेंगे फुटकर व्यापारियों के पसरे, आज से बनेंगी व्यवस्था

राजनांदगांव: सप्ताह भर चले गतिरोध के बाद प्रशासन ने जयस्तंभ चौक में पसरा लगाने वाले फुटकर व्यापारियों के लिए नई व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। इन्हें विस्थापित न करते हुए फिलहाल यहीं मार्किंग कर दुकानदारों के लिए जगह बनाई जाएगी। फुटकर व्यापारियों को निर्धारित स्थल में ही दुकानें लगानी होगी। ताकि यातायात व्यवस्था सुगम बनी रहे। मंगलवार को सभी पसरा लगाने वाली महिलाएं कांग्रेस नेताओं के साथ कलेक्टोरेट पहुंची। उन्होंने कलेक्टर जितेंद्र यादव से जयस्तंभ चौक में ही पसरा लगाने देने की मांग की जिसके बाद यह निर्देश दिए गए।

इससे पहले सोमवार को नगर निगम ने जयस्तंभ चौक से पसरा व्यापारियों को हटाने की कार्रवाई की थी। उन्हें गुरुनानक चौक पर फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित स्थल पर दुकानें लगाने कहा गया। नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम स्वयं दलबल के साथ यहां पहुंचे थे। इस पर दुकानदारों ने जमकर हंगामा किया। महिलाएं निगम की गाडि़यों के पहिए के सामने बैठ गईं और कार्रवाई का विरोध किया। काफी देर समझाईश के बाद भी दुकानदार यहां से हटने तैयार नहीं हुए जिसके बाद अमला चेतावनी देकर लौट गया।

इसी मामले पर मंगलवार को पसरा व्यापारी अपनी मांगों को लेकर नगर निगम पहुंचे। आयुक्त के समय सीमा की बैठक में होने की जानकारी मिलने पर सभी कलेक्टोरेट पहुंच गए। निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी, आसिफ अली के साथ उन्होंने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। नेताओं ने कहा कि ऐन दिवाली त्योहार के दौरान दुकानदारों को हटाना उचित नहीं है। पार्किंग महावीर चौक में निर्धारित की जाए जहां से जयस्तंभ चौक कुछ ही दूरी पर है। इस तरह दुकानदारों को भी नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।

प्रभावित दुकानदारों से कलेक्टर जितेंद्र यादव ने बात की। दुकानदारों को उन्होंने व्यवस्थित दुकानों के लिए जगह उपलब्ध कराने की बात कही लेकिन वे नहीं माने। बाद में कलेक्टर ने कहा कि नगर निगम द्वारा जयस्तंभ चौक में ही मार्किंग कर दुकानों के लिए व्यवस्था बनाई जाएगी और दुकानदारों को मार्किंग के भीतर ही व्यवसाय करना होगा। ताकि मुख्य चौक पर आवाजाही के साधन बने रहें। उन्होंने यातायात विभाग को भी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।

 देर के चलते नहीं लागू हो सका प्लान

पूर्व में पसरा व्यापारियों को फ्लाईओवर के नीचे स्थानांतरित किये जाने की योजना बनाई गई थी। लेकिन इसे लागू करने में निगम की देर ने योजना का बंटाधार कर दिया। पखवाड़े भर पहले से इसे अमलीजामा पहनाए जाने पर दुकानदारों को मुश्किलें पेश नहीं आती और न ही इतना अधिक विरोध सामने आता। गौरतलब है कि शहर के 48 व्यापारी संघ ने मिलकर त्योहारी सीजन में व्यवस्थित बाजार के लिए सात बिंदुओं का मसौदा प्रशासन को सौंपा था। इस पर बैठक के बाद सहमति भी बनी लेकिन मैदानी स्तर पर इसे तत्काल लागू नहीं किया जा सका।

फ्लाईओवर खाली नहीं हुआ, पार्किंग भी तैयार नहीं

दूसरी ओर योजना के तहत निगम को दिवाली से पहले वाहनों के लिए आठ पार्किंग तैयार करनी है। इसके लिए गुरुनानक चौक से पोस्ट आफिस चौक तक फ्लाईओवर के नीचे खड़ी गाडि़यों को भी हटाया जाना है जो कि अब तक नहीं हो सकता है। यातायात अमले की ढीलाई से इसमें भी देर हो रही है। अन्य पार्किंग स्थलों की व्यवस्था को लेकर भी आगे की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। चार पहिया वाहनों की बाजार में एंट्री बंद होने के बाद भी यहां वाहन घुस रहे हैं।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch