किरंदुल : डी ए वी पब्लिक स्कूल किरंदुल (सत्र 2026-27) में नन्हें-मुन्ने बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से "किड्स कार्निवल लिटिल हार्ट्स, बिग ड्रीम्स सीज़न- दो " का अत्यंत भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। यह पूरा गरिमामयी कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य महोदय के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती नमिता नारायण (अध्यक्षा महिला प्रेरणा समिति) की उपस्थित रहीं।
विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती जयंती दास ( उपाध्यक्षा महिला प्रेरणा समिति)एवं श्रीमती नंदना प्रिया(सचिव महिला प्रेरणा समिति) और श्रीमती उदिता श्रीवास्तव शामिल थीं। इसके साथ ही महिला प्रेरणा समिति की अन्य सम्मानीया सदस्या श्रीमती कुमकुम मौरासिया, श्रीमती कृष्णा वर्मा, श्रीमती प्रतिभा चन्नबसप्पा और श्रीमती कामायनी कलिहारी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के आत्मीय स्वागत और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ ।कार्यक्रम का आगाज़ एक मनमोहक स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके पश्चात् स्कूली बच्चों ने पहाड़ी नृत्य, विभिन्न राज्यों के रंग-बिरंगे लोक नृत्य और बंगाली लोक नृत्य की ऐसी सजीव प्रस्तुतियां दीं कि पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके पश्चात सामाजिक संदेश एवं धार्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बच्चों ने एक बेहतरीन लघु नाटिका का मंचन किया। साथ ही, सुमधुर श्लोक पाठ और ऊर्जावान ट्राइबल (आदिवासी) डांस ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कक्षा तीसरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें सभी विषयों से संबंधित सुंदर मॉडल और प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया गया, जिसे अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभावान छात्रा वैष्णवी दीक्षित को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 'बहुमुखी प्रतिभा सम्मान' से सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य एस. के. श्रीवास्तव ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि ,"इस प्रकार के आयोजन नन्हें बच्चों में आत्मविश्वास जगाने और उनकी छिपी हुई प्रतिभा को निखारने में मील का पत्थर साबित होते हैं।" उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी अभिभावकों और अतिथियों का हृदय से स्वागत किया।
श्रीमती नंदना प्रिया(सचिव महिला प्रेरणा समिति) ने बच्चों की अंतर्निहित प्रतिभाओं की सराहना की और इस बात पर बल दिया कि कार्निवल जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं।
मुख्य अतिथि श्रीमती नमिता नारायण (अध्यक्षा महिला प्रेरणा) ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने बच्चों के सुंदर प्रयासों, उनकी कला और शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।संपूर्ण कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षिका निधि मिस्त्री एवं रुक्मणी साहू द्वारा बेहद कुशलतापूर्वक और आकर्षक ढंग से किया गया।कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका शीना बीनू द्वारा सभी अतिथियों,अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। यह कार्निवल बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने और उनकी प्रतिभा को सराहने का एक यादगार उत्सव बना।