November 02, 2026


लोकतंत्र मिटाने का सपना देखने वालों की मंशा कभी पूरी नहीं होगी जनता और संविधान से माफी मांगे भाजपा: ऋषि शास्त्री

कांग्रेस का संकल्प— लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ! लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी।

राजनांदगांव :- युवा नेता एवं पूर्व पार्षद दल प्रवक्ता ऋषि शास्त्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष खूबचंद पारख का एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाजपा नेत्रियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर ''लोकतंत्र हटाओ'' का नारा लगाते वीडियो सामने आने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

शास्त्री ने कहा कि जिस लोकतंत्र की ताकत से भाजपा सत्ता तक पहुंची, आज उसी लोकतंत्र को हटाने की बात आखिर किस राजनीतिक सोच को दर्शाती है? लोकतंत्र किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। सत्ता जनता देती है, लोकतंत्र जनता की ताकत है और कोई भी नेता या राजनीतिक दल संविधान से बड़ा नहीं हो सकता।

उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा के सार्वजनिक मंचों पर अब लोकतंत्र हटाने के नारे लगाए जाएंगे? क्या यही भाजपा की संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता है? भाजपा नेतृत्व को इस मामले में चुप्पी तोड़कर जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। लोकतंत्र हटाने जैसे नारे लगाने वालों को जनता और संविधान से माफी मांगनी चाहिए।

शास्त्री ने कहा कि कांग्रेस का नारा और संकल्प स्पष्ट है— लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ! लोकतंत्र को हटाने की बात करने वालों को कांग्रेस देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की ताकत का एहसास कराएगी। लोकतंत्र किसी की सत्ता की सुविधा नहीं, बल्कि जनता का अधिकार है। यदि कोई लोकतंत्र को मिटाने की बात करेगा तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे और सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा की लोकतंत्र को कमजोर करने या लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करने की मंशा कभी पूरी नहीं होगी। भारत का लोकतंत्र किसी पार्टी की इच्छा से नहीं, बल्कि संविधान और जनता की ताकत से चलता है। भाजपा यह गलतफहमी दूर कर ले कि लोकतंत्र को हटाने की कोई भी कोशिश सफल होगी। देश में न लोकतंत्र हटेगा और न संविधान की गरिमा झुकेगी। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा है।

शास्त्री ने कहा कि देश में लोकतंत्र हटाने का नहीं, लोकतंत्र बचाने का आंदोलन खड़ा होना चाहिए। राजनीतिक विरोध कीजिए, चुनाव लड़िए, सत्ता की लड़ाई लड़िए, लेकिन लोकतंत्र को हटाने की बात मत कीजिए। लोकतंत्र रहेगा तभी जनता की आवाज रहेगी, संविधान रहेगा तभी नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।

शास्त्री ने प्रशासन से मांग की कि सामने आए वीडियो की सत्यता, नारे के वास्तविक शब्दों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि कानून का उल्लंघन प्रमाणित होता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के प्रति जवाबदेही केवल भाषणों में नहीं, बल्कि आचरण में भी दिखाई देनी चाहिए।





Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch