November 02, 2026


नन्हे कलाकारों ने रामायण के पात्रों को किया जीवंत, मनमोहक प्रस्तुति से बांधा समां

रामकुमार गुप्ता आरंग :  राधाकृष्ण विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आरंग में सोमवार, 2 नवंबर 2026 को कक्षा KG-1 (हिंदी माध्यम) के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों की आकर्षक एवं भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

इस विशेष प्रस्तुति में बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी के स्वरूप धारण कर अपनी शानदार अदाकारी और मनमोहक वेशभूषा से उपस्थितजनों का ध्यान आकर्षित किया। इसमें वीनित कंडरा ने भगवान श्रीराम, साधना कंडरा ने माता सीता, उत्कर्ष निषाद ने लक्ष्मण तथा मेहुल निषाद ने हनुमान जी की भूमिका निभाई।

नन्हे कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति में भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, त्याग, प्रेम, भाईचारे और भक्ति का सुंदर संदेश देखने को मिला। बच्चों की मनमोहक अदाकारी से विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों के प्रति संस्कार विकसित होते हैं। साथ ही बच्चों की प्रतिभा को निखरने और मंच पर अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch