राजनांदगांव: औंधी क्षेत्र में खेतों में फसल कटाई के दौरान सांप और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। औंधी क्षेत्र में अलग-अलग गांवों के दो ग्रामीणों को खेत में काम करते समय सांप ने डस लिया। दोनों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र औंधी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डा. सुमन और स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता से समय पर उपचार मिलने पर उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, घोटिया कन्हार निवासी सूरज दुग्गा (38) और गुड़ारास निवासी प्रकाश घरत (36) खेत में फसल कटाई कर रहे थे। इसी दौरान दोनों सर्पदंश के शिकार हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें बिना देर किए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां स्वास्थ्य टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से दोनों की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
स्वास्थ्य केंद्र की ओर से ग्रामीणों को फसल कटाई के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। खेतों में जाते समय जूते और दस्ताने पहनें। घास-झाड़ियों और अंधेरे स्थानों पर सावधानी रखें। सांप के डसने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचें। प्रभावित अंग को स्थिर रखें। घाव पर चीरा न लगाएं और न ही कसकर रस्सी या कपड़ा बांधें। समय पर चिकित्सकीय उपचार ही सर्पदंश से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।