November 03, 2026


दिवाली बाजार में आफरों की आतिशबाजी : ग्राहकों को लुभाने दुकानदारों ने खोला स्कीमों का पिटारा

राजनांदगांव: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही संस्कारधानी के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। रोशनी और खुशियों के इस पर्व को लेकर शहर के व्यापारियों ने भी ग्राहकों के स्वागत की पूरी तैयारी कर ली है। बाजार में खरीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए दुकानदारों ने आकर्षक छूट, विशेष आफर और उपहार योजनाओं का पिटारा खोल दिया है। कपड़ों, इलेक्ट्रानिक्स, मोबाइल, बर्तन, सजावटी सामान, मिठाई और गिफ्ट आइटम की दुकानों में ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह की स्कीमें पेश की जा रही हैं। कहीं सीधे कीमत में छूट मिल रही है तो कहीं एक के साथ एक फ्री, कैशबैक, गिफ्ट वाउचर और आकर्षक उपहार दिए जा रहे हैं। त्योहारी सीजन में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच स्थानीय व्यापारी आनलाइन प्लेटफार्म को चुनौती देने के लिए भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। 

दीपावली से पहले इलेक्ट्रानिक्स बाजार में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। स्मार्टफोन, लैपटाप, एलईडी टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और स्मार्ट होम डिवाइस जैसे उत्पादों की मांग बढ़ने लगी है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने आकर्षक डिस्काउंट, कैशबैक, एक्सचेंज आफर और आसान किस्तों की सुविधा उपलब्ध कराई है। आनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के बीच स्थानीय दुकानदार भी डिजिटल प्लेटफार्म जैसी सुविधाएं देकर ग्राहकों को अपने प्रतिष्ठानों तक लाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्राहक भी अपनी पसंद और बजट के अनुसार आनलाइन तथा आफलाइन दोनों माध्यमों से गैजेट्स की खरीदारी कर रहे हैं।

एआइ आधारित स्मार्ट गैजेट्स की बढ़ी मांग

इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में आधुनिक तकनीक से जुड़े उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। स्मार्ट होम डिवाइस में एआइ आधारित लाइटिंग, सिक्योरिटी कैमरे और वायस कंट्रोल उपकरणों की मांग बढ़ रही है। इन उत्पादों पर दुकानदार 10 से 15 प्रतिशत तक कैशबैक दे रहे हैं। इसके अलावा खरीदारी पर स्क्रैच कार्ड के माध्यम से गिफ्ट वाउचर, हेडफोन और ब्लूटूथ स्पीकर जैसे उपहार भी दिए जा रहे हैं। दीपावली के दौरान शहर का इलेक्ट्रानिक्स कारोबार आठ करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है।

 कम बिजली खपत वाली लाइटों पर जोर

घर और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए बाजार में एलईडी लड़ियों की भी कई वैरायटी उपलब्ध हैं। तेज रोशनी पसंद नहीं करने वालों के लिए रंग-बिरंगी सजावटी लड़ियां विकल्प के रूप में मौजूद हैं। आर्टिफिशियल फूलों की लड़ियों से लेकर मिट्टी के छोटे-छोटे खिलौने और आकर्षक सजावटी सामग्री दुकानों में सजाई गई है। बाजार में 10 मीटर से लेकर 100 मीटर तक की एलईडी लड़ियां उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 20 रुपये से शुरू होकर 600 रुपये तक है। बिजली की खपत को लेकर चिंतित ग्राहकों के लिए कम बिजली खर्च करने वाली एलईडी लड़ियां भी उपलब्ध हैं। इनकी खासियत कम बिजली खपत के साथ बेहतर रोशनी देना है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch