November 02, 2026


पुष्य नक्षत्र के रवि योग में बाजार पर बरसा धन : सराफा से लेकर रियल एस्टेट तक चमकी खरीदारी

राजनांदगांव: दीपावली की खुशियों के बीच शुभ खरीदारी का विशेष संयोग पुष्य नक्षत्र और रवि योग रविवार को बाजार के लिए सौगात लेकर आया। शुभ मुहूर्त में खरीदारी की परंपरा के चलते बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सराफा बाजार से लेकर बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, आटोमोबाइल और सजावटी सामान की दुकानों तक रौनक दिखाई दी। सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी के साथ ही लोगों ने दीपावली के लिए घरों को सजाने और उपहार देने की तैयारियां भी शुरू कर दीं। रविवार और शुभ नक्षत्र का संयोग होने से कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद के अनुरूप ग्राहकों का उत्साह देखने को मिला। दीपावली का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे शहर के प्रमुख बाजारों की चमक बढ़ती जा रही है। सदर बाजार, गांधी चौक, सिनेमा लाइन, भारत माता चौक और कामठी लाइन में दुकानों की आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी लाइटें और ग्राहकों की चहल-पहल ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया है। रविवार को सराफा बाजार में विशेष उत्साह रहा। ग्राहक अपनी पसंद के आभूषण खरीदते नजर आए। बर्तन दुकानों में भी सुबह से ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

हल्के गहनों की 70 से अधिक डिजाइन तैयार

दिवाली को देखते हुए सराफा करोबारियों ने एक ग्राम से लेकर 10 ग्राम तक के हल्के वजन वाले आभूषणों की 70 से अधिक डिजाइन उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें नाक की बाली, कान के टाप्स, अंगूठी, चेन और मंगलसूत्र जैसी ज्वेलरी शामिल हैं। बालगोविंद चौक स्थित महावीर ज्वेलर्स के संचालक ऋषभ गोलछा ने बताया कि पुष्य नक्षत्र पर ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी के आभूषण खरीदने को लेकर लोगों में विशेष उत्साह रहा। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने छूट और विभिन्न आफर भी दिए।

 रियल एस्टेट में भी शुभ मुहूर्त का उत्साह

पुष्य नक्षत्र का असर केवल बाजारों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि रियल एस्टेट कारोबार में भी अच्छी गतिविधि देखने को मिल रही है। रजिस्ट्री कार्यालय में सभी स्लाट बुक हो चुके हैं। इससे जमीन-मकान की खरीद-बिक्री को लेकर लोगों की रुचि का अंदाजा लगाया जा सकता है। शुभ अवसर पर लोग मकान, प्लाट, फ्लैट, कृषि भूमि और व्यावसायिक संपत्तियों में निवेश को प्राथमिकता दे रहे हैं। दीपावली के अवसर पर नई संपत्ति खरीदना भी कई परिवारों के लिए शुभ शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।

 दिल्ली-मुंबई से मंगाई गई सजावटी सामग्री

इस बार बाजारों में ग्राहकों के लिए खरीदारी के विकल्पों का भी विस्तार किया गया है। व्यापारी दिल्ली, मुंबई, सूरत और जयपुर से आकर्षक सजावटी और उपहार सामग्री मंगवा रहे हैं। लोग केवल जरूरत का सामान ही नहीं, बल्कि घरों की सजावट, दीपावली गिफ्ट, आकर्षक लाइटिंग और पारंपरिक सजावटी वस्तुओं की भी खरीदारी कर रहे हैं। इलेक्ट्रानिक्स बाजार में फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, लैपटाप और माइक्रोवेव ओवन जैसे उत्पादों की मांग बनी हुई है। वहीं आटोमोबाइल बाजार में दोपहिया, चारपहिया और इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदारी को लेकर भी ग्राहकों की दिलचस्पी है। सोना, चांदी, हीरा और प्लेटिनम के आभूषणों के साथ ही इलेक्ट्रिक दोपहिया और चारपहिया वाहन भी दीपावली की खरीदारी के प्रमुख विकल्पों में शामिल हैं।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch