November 03, 2026


राज्य उत्सव में छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

रायपुर :   1 नवंबर 2026  छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सस्कृत विद्यामंडलम् की ओर से शिक्षा विभाग के अंतर्गत एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है, जो 1 से 3 नवंबर तक आमजन के अवलोकनार्थ खुली रहेगी।

प्रदर्शनी के उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् के अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत, डॉ. व्यास नारायण आर्य, लुनेश कुमार वर्मा तथा कोसरंगी आश्रम से आए छात्र एवं शिक्षक उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में विद्यामंडलम् द्वारा पूर्व में संपन्न विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विवरण पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। साथ ही पीपीटी, बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से मंडलम् की गतिविधियों, उपलब्धियों तथा संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यामंडलम् के अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत ने अपने वक्तव्य में कहा कि संस्कृत को जन-जन की भाषा बनाना ही मंडलम् का प्रमुख ध्येय है। इसी उद्देश्य को लेकर मंडलम् निरंतर कार्य कर रहा है और भविष्य में भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों के हित में जो भी कार्य मंडलम् कर सकता है, उसे करने के लिए वह सदैव तत्पर है। राज्य उत्सव में लगाई गई यह प्रदर्शनी संस्कृत भाषा की समृद्ध परंपरा, उसके शैक्षणिक महत्व तथा आधुनिक संदर्भ में उसकी उपयोगिता को जनसामान्य तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch