August 22, 2026


लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण पर जोर साइबर ठगी की रकम तत्काल फ्रीज कराने के निर्देश

आइजी अजय यादव का मोहला जिले में आकस्मिक निरीक्षण, थानों से लेकर पुलिस कैंप और कार्यालयीन शाखाओं का लिया जायजा

राजनांदगांव: रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का आकस्मिक निरीक्षण कर जिले की पुलिसिंग की जमीनी स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक में लंबित अपराध, मर्ग, शिकायत और साइबर अपराधों की समीक्षा की। आइजी ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ विवेचना की गुणवत्ता सुधारने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने साइबर अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ठगी की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने को कहा। पीड़ितों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने और संबंधित बैंक तथा संस्थाओं से समन्वय कर ठगी की रकम को होल्ड या फ्रीज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में शुरुआती समय में की गई कार्रवाई रकम वापस दिलाने में महत्वपूर्ण हो सकती है। निरीक्षण के दौरान आइजी प्राथमिक शाला परवींडीह भी पहुंचे। उन्होंने स्कूली बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई और विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया।

कैंप पहुंचकर जवानों से की चर्चा

परवींडीह पुलिस कैंप पहुंचकर आइजी ने वहां तैनात जवानों से मुलाकात की। उन्होंने ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था और जवानों की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए कर्तव्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद आइजी ने आइटीबीपी की 40वीं बटालियन के कैंप का भी निरीक्षण किया। वहां तैनात जवानों से ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की तथा उनके हालचाल जाने।

पुलिस लाइन में पौधारोपण

आइजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सभी शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली और अभिलेखों का जायजा लिया तथा अधिकारियों-कर्मचारियों से उनके कामकाज की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह, मुख्यालय उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch