August 22, 2026


जरूरी: समय पर ई केवाईसी नहीं कराने पर कंपनियां कनेक्शन ब्लाक भी कर सकती है

उज्ज्वला कनेक्शन पर संकट, पांच हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं ने नहीं कराया ई-केवाईसी

राजनांदगांव: प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले में गैस कनेक्शन लेने वाले पांच हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है। गैस एजेंसियों और संबंधित कंपनियों द्वारा लगातार अपील के बावजूद उपभोक्ता ई-केवाईसी कराने के लिए सामने नहीं आ रहे हैं। ऐसे में निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की गैस सुविधा और सब्सिडी प्रभावित होने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया था। वर्तमान में कनेक्शनधारियों के सत्यापन के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी किया गया है। जिले में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। गैस कंपनियों ने ई-केवाईसी के लिए 23 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित की है।

कमाने-खाने दूसरे राज्य गए हैं

कुछ उपभोक्ता लंबे समय से नियमित रिफलिंग भी नहीं करा रहे हैं। एजेंसी संचालकों ने बताया कि कुछ उपभोक्ता कमाने-खाने के लिए दूसरे राज्य गए हुए हैं। उनके परिवार के सदस्यों को सूचित किया जा रहा है। कुछ उपभोक्ताओं का देहांत हुआ चुका है। जिन उपभोक्ताओं का देहांत हो गया है उनका गैस कनेक्शन बंद करने की कार्यवाही की जाएगी। कंपनियों का कहना कि ई-केवाईसी करने के पीछे कालाबाजारी को रोकना है। ई-केवाइसी की प्रक्रिया बायोमैट्रिक पद्धति से की जा रही है। ई-केवाइसी के दौरान जिसमें नाम से गैस कनेक्शन है उसे उपस्थित होना होगा।

उज्ज्वला में 365 रुपये सब्सिडी

बता दें कि उज्ज्वला योजना को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया था। थोक में आवेदन भी अाए थे। आवेदनों का सत्यापन करने के बाद पात्र हितग्राहियों को गैस सिलिंडर, चूल्हा निश्शुल्क उपलब्ध कराया गया था। बता दें कि उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के खाते में सब्सिडी 365 रुपये आती है। जबकि सामान्य घरेलू एलपीजी सिलेंडर खरीदने में मात्र 67 रुपये ही सब्सिडी मिलती है। ऐसे में उज्जवला योजना में सिलिंडर रिफिलिंग कराना 365 रुपये सस्ता पड़ता है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch