राजनांदगांव: पूर्व सांसद व महापौर मधुसूदन यादव का जन्मदिन 23 अगस्त को शहर में विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। सुबह से देर शाम तक के आयोजन वृद्धजनों व दिव्यांगों की सेवा को समर्पित होंगे। जन्मदिवस को लेकर शहर को प्रचार सामग्रियों से सजाया गया है।
जन्मोत्सव कार्यक्रम के संयोजक व वरिष्ठ पार्षद सावन वर्मा ने बताया कि महापौर सर्वप्रथम सपरिवार माता देवालय मंदिर में पूजा-अर्चना कर ग्राम देवी शीतला माता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। प्रातः 9.30 से 11.30 बजे तक रायपुर नाका स्थित समता वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ समय बिताकर अपने जन्मदिन की खुशियां साझा करेंगे। दोपहर 12 से तीन बजे तक रानीसागर स्थित पुष्प वाटिका के योगा हल में मुख्य आयोजन रखा गया है। मोतीपुर रेजीमेंट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर व जिला सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले शुभचिंतक व समर्थक जन्मदिन की शुभकामनाएं देंगे।
शाम पांच बजे अंबेडकर चौक, स्टेडियम रोड में उत्तर मंडल भाजपा द्वारा जन्मोत्सव मनाया जाएगा। शाम 5.30 बजे क्लब चौक, बसंतपुर में दक्षिण मंडल द्वारा कार्यक्रम आयोजित है। इसी क्रम में शाम छह बजे नंदई चौक में स्थानीय पार्षदों द्वारा, शाम 6.30 बजे लखोली चौक में क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा महापौर का जन्मदिन उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। शाम सात बजे शहर के हृदयस्थल महाकाल चौक (मानव मंदिर चौक) में महापौर अपने शुभचिंतकों एवं चाहने वालों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा करेंगे। इसके पश्चात शाम 7.30 बजे चिखली स्थित गोठान मैदान में क्षेत्रीय पार्षदों की अगुवाई में पूर्व सांसद यादव का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों को लेकर समर्थकों व कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।