May 30, 2026


एक ने डामरीकरण शुरु किया, दूसरों ने सप्लाई न होना बताकर पल्ला झाड़ा

राजनांदगांव: शहर की सड़कों के डामरीकरण का करीब दो करोड़ रुपये का काम पिछले एक साल से अटका हुआ है। निगम की ओर से कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अधिकांश ठेकेदारों ने काम शुरू नहीं किया। अब जबकि बारिश का मौसम सिर पर है, तब भी हालात जस के तस बने हुए हैं। शुक्रवार को महापौर मधुसूदन यादव ने ठेकेदारों की बैठक लेकर काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए, लेकिन बैठक से भी कोई ठोस नतीजा निकलता नजर नहीं आया।

दरअसल शहर की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से उखड़ी हुई हैं। जगह-जगह गड्ढों और अधूरे डामरीकरण के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। निगम की ओर से कार्य एजेंसियों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन अधिकांश ठेकेदार अब भी डामर संकट का हवाला देकर काम टाल रहे हैं।

बैठक में ठेकेदारों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण डामर की सप्लाई प्रभावित है। उनका दावा है कि वर्तमान में डामर केवल मुंबई में उपलब्ध हो रहा है और वहां से सप्लाई लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ठेकेदारों ने कहा कि 10 दिन के भीतर डामर आने की संभावना है, जिसके बाद काम शुरू किया जाएगा।

बैठक में निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, लोककर्म प्रभारी सावन वर्मा, कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके, प्र सहायक अभियंता गरिमा वर्मा, ठेकेदार एवी कंस्ट्रक्शन, मोहन कंस्ट्रक्शन , मे. अभय कोटडिया, क्वालिटी कंस्ट्रक्शन के लोग उपस्थित थे।

 क्वालिटी कंस्टक्शन ने शुरु किया काम

हालांकि इस बीच क्वालिटी कंस्ट्रक्शन ने कौरिनभाठा में 43 लाख के डामरीकरण का काम शुरू कर दिया है। इससे यह सवाल भी उठने लगे हैं कि जब एक एजेंसी काम शुरू कर सकती है तो बाकी ठेकेदार अब तक क्यों पीछे हैं। निगम सूत्रों के मुताबिक कई एजेंसियां लगातार बहानेबाजी कर रही हैं, जिससे शहर के सड़क सुधार कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

हर हाल में पूरा करना होगा डामरीकरण

महापौर मधुसूदन यादव ने बैठक में साफ कहा कि बारिश से पहले हर हाल में डामरीकरण पूरा करना होगा। उन्होंने ठेकेदारों को एक-एक सड़क का काम शुरू करने के निर्देश दिए। महापौर ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने एक अप्रैल से 30 जून 2026 तक डामर की कीमतों में असाधारण वृद्धि को देखते हुए ठेकेदारों को सीमित राहत देने का निर्णय लिया है। इससे सप्लाई की समस्या दूर होने की उम्मीद है।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch