राजनांदगांव: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और किसानों को राहत देने के लिए संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 राजनांदगांव रीजन में असर दिखा रही है। योजना के तहत राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के 50 हजार 500 से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिल चुका है। बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं को मूल बकाया राशि और अधिभार में अब तक 15 करोड़ 22 हजार रुपये की छूट दी है।
योजना के तहत बीपीएल, घरेलू और कृषक श्रेणी के सक्रिय तथा निष्क्रिय दोनों प्रकार के उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है। बिजली बिल के पुराने बकाया से परेशान उपभोक्ताओं के लिए यह योजना संजीवनी साबित हो रही है। विभाग के अनुसार अब तक 31 हजार 392 निष्क्रिय उपभोक्ता और 19 हजार 188 सक्रिय उपभोक्ता योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
कार्यपालक निदेशक ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिन बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं पर 31 मार्च 2023 से पहले का बिजली बिल बकाया है, वे 30 जून 2026 तक अपने नजदीकी वितरण केंद्र या जोन कार्यालय पहुंचकर योजना का लाभ लें। समय पर बकाया राशि का निपटारा करने से उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली सेवा मिलने के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
3 करोड़ 35 लाख जमा किए
बिजली कंपनी के अनुसार उपभोक्ताओं ने भी योजना में रुचि दिखाते हुए अब तक करीब 3 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये की बकाया राशि जमा कराई है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं को पुराने बिजली बिल के बोझ से राहत दिलाना और नियमित भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना है।
जिले में 11 हजार ने चुकाई रकम
राजनांदगांव रीजन के सात विद्युत संभागों में सबसे अधिक लाभ पंडरिया संभाग के उपभोक्ताओं को मिला है। यहां 17 हजार 739 उपभोक्ता योजना से जुड़े हैं। इसके अलावा कवर्धा संभाग में 15 हजार 325, डोंगरगढ़ में 5182, राजनांदगांव में 4775, खैरागढ़ में 3488, मोहला में 2784 और डोंगरगांव संभाग में 1207 उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं।