राजनांदगांव: रायगढ़ में इसी माह होने जा रही छत्तीसगढ़ राज्य की 20वी सीनियर महिला/पुरुष वालीबाल चैंपियनशिप 2026 के लिए जिले की पुरूष व महिला टीम का गठन किया जाना है। जिला टीम के गठन के लिए विकासखंड स्तर की टीमों के बीच चयन ट्रायल के रूप में चार नवंबर को प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा। यह प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से स्टेट हाईस्कूल के वालीबाल मैदान में रखी गई है।
वालीबाल संघ के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह गरचा के अनुसार रायगढ़ में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 15 नवंबर के बीच एनटीपीसी लारा में किया गया है। इसमें राजनांदगांव जिला से पुरूष और महिला टीम भी भाग लेगी। इसके लिए दोनों टीमों का गठन किया जाना है। चयन ट्रायल वाली प्रतियोगिता में राजनांदगांव, डोंगरगढ़, डोंगरगांव एवं छुरिया ब्लाक की टीम भाग लेगी। प्रतियोगिता के दौरान जिला के पुरूष एवं महिला टीम गठन के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जायेगा। चयन प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपने-अपने विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसमें चयनित खिलाड़ियों रायगढ़ में खेलने का अवसर मिलेगा।
जिला वालीबाल संघ की सचिव ममता गुप्ता ने बताया कि जिले के जो सीनियर खिलाड़ी इस चयन प्रतियोगिता में भाग लेना चाहते हैं, वे अपनी उपस्थिति बुधवार को सुबह 10 बजे से पूर्व दर्ज कराकर सलेक्शन ट्रायल में भाग ले सकते है। इस संबंध में अन्य जानकारी के लिए उनसे 7000345852 पर संपर्क कर सकते हैं।